19.1 C
New Delhi
October 30, 2026
मनोरंजन

अनुपम और किरण खेर ने दी एक-दूसरे को शादी की सालगिरह की बधाई

अनुपम और किरण खेर की जोड़ी फिल्म जगत की सबसे मशहूर और जिंदादिल जोड़ियों में से एक है। दोनों ने 26 अगस्त 1985 को प्रेम विवाह किया था। इस खास दिन का जश्न मानते हुए दोनों ने एक-दूसरे को सोशल मीडिया पर शादी की सालगिरह की बधाई दी है। दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने एक थ्रोबैक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की है। इस ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर में अनुपम अपनी अभिनेत्री पत्नी किरण खेर के माथे को चुमते हुए दिखाई दे रहे हैं।

इस तस्वीर को ट्विटर पर शेयर करते हुए अनुपम ने लिखा-‘प्रिय किरण! 35वीं सालगिरह की बधाई। हम एक-दूसरे के साथ ज्यादा समय नहीं बिता पाते हैं। आप सांसद होने की वजह से व्यस्त हैं और मैं एक अभिनेता के तौर पर व्यस्त हूं, लेकिन मैं हमेशा आपके साथ हूं और रहूंगा। सुरक्षित रहें। हमेशा प्यार और प्रार्थना! सालगिरह मुबारक किरण खेर।’

किरण खेर ने लिखा-‘सालगिरह की बधाई अनुपम

वहीं अनुपम खेर के इस ट्वीट को रीट्वीट करते हुए अभिनेत्री किरण खेर ने लिखा-‘सालगिरह की बधाई अनुपम। ईश्वर हमें सदैव साथ रहने का आशीर्वाद दें, आप मेरी ताकत हैं और हमेशा रहेंगे। मैं आपको पति, दोस्त और जिंदगी भर के पार्टनर के रूप में हमेशा याद करती हूं। हमेशा मेरे साथ रहने के लिए आपका धन्यवाद। सुरक्षित रहें प्रिय। सालगिरह मुबारक अनुपम खेर।’ 

अनुपम और किरण खेर की पहली मुलाकात चंडीगढ़ के एक थियेटर ग्रुप में हुई थी। थियेटर के दौरान ही दोनों में दोस्ती हो गई, लेकिन साल 1979 में  किरण की शादी मुंबई के बिजनेसमैन गौतम बेरी से हो गई। शादी के बाद किरण मुंबई आ गई और इस तरह से किरण और अनुपम अलग हो गए। हालांकि इस समय तक दोनों के बीच प्यार जैसा कुछ भी नहीं था। मुंबई आने के बाद किरण अपने गृहस्थ जीवन में व्यस्त हो गई और इस दौरान उन्होंने एक बेटे को जन्म दिया जिसका नाम सिकंदर रखा। किरण और गौतम का रिश्ता ज्यादा लम्बा न चल सका। उधर, अनुपम खेर भी अपना करियर बनाने के लिए मुंबई आ गए थे।

यहां अनुपम ने फिल्म आगमन से अपने करियर की शुरुआत की, लेकिन इस फिल्म से अनुपम को पहचान दिलाने में असफल रही। इसके बाद अनुपम अपना करियर बनाने में दिन रात लग गए और प्रोडूसर्स के चक्कर काटने लगे। इस दौरान उनकी मुलाकात किरण से हो गई और उनके बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया। हालांकि इस समय तक किरण ही नहीं बल्कि अनुपम भी शादी शुदा थे और दोनों अपने शादीशुदा जीवन में खुश नहीं थे।

अनुपम और किरण खेर ने दी एक-दूसरे को शादी की सालगिरह की बधाई
कई उतार-चढ़ाव के बाद दोनों ने थियेटर कभी नहीं छोड़ा

जीवन में कई उतार-चढ़ाव के बाद दोनों ने थियेटर कभी नहीं छोड़ा और किस्मत दोनों को बार-बार मिला रही थी। एक दिन अनुपम को नादिरा बब्बर के प्ले में हिस्सा लेने कोलकाता जाना पड़ा, जहां किरण भी उसमें हिस्सा लेने पहुंची थी। इस प्ले के दौरान दोनों का आमना-सामना एक बार फिर हुआ। प्ले के बाद दोनों को एहसास हुआ कि उनके बीच कुछ है।

इसके बाद दोनों वापस मुंबई लौट आए और अपने अपने काम में व्यस्त हो गए। उधर साल 1983 में किरण को एक पंजाबी फिल्म आसरा प्यार दा में अभिनय करने का मौका मिला। तो वहीं साल 1985 में रिलीज हुई अनुपम खेर की फिल्म सारांश उन्हें पहचान दिलाने में सफल रही और फिल्म की सफलता के साथ ही अनुपम ने किरण से अपने प्यार का इजहार किया।

इसके बाद दोनों ने 1985 में एक दूसरे से शादी कर ली। अनुपम ने न सिर्फ किरण बल्कि उनके बच्चे सिकंदर को भी अपनाया और उन्हें अपना नाम दिया। किरण और अनुपम दोनों करियर के शुरुआती दौर में थियेटर आर्टिस्ट थे और दोनों ने साथ में कई प्ले किए। इसके अलावा दोनों ने साथ में साल 1988 में आई पारसी समुदाय पर आधारित फिल्म पेस्टोनजी में अभिनय किया। अनुपम खेर और किरण खेर का फिल्मी करियर काफी सफल रहा है और दोनों फिल्म जगत में अब भी सक्रिय हैं। अनुपम और किरण खेर बॉलीवुड के सबसे सफल, कूल और बिंदास कपल में से एक है।

पढ़ें: अनुपम खेर ने 29 साल की उम्र में पर्दे पर निभाया था बुजुर्ग का किरदार

Related posts

नवाजुद्दीन सिद्दीकी हैं साधारण से दिखने वाले असाधारण कलाकार

Buland Dustak

राजेश खन्ना को याद कर भावुक हुई बेटी ट्विंकल खन्ना, शेयर की तस्वीर

Buland Dustak

मशहूर सिंगर सुनिधि चौहान ने महज चार साल में की थी सिंगिंग की शुरुआत

Buland Dustak

51वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में दिखाई जाएंगी 23 फिल्में

Buland Dustak

फराह खान ने शेयर किया ‘दिल बेचारा’ टाइटल ट्रैक का मेकिंग वीडियो

Buland Dustak

8 जनवरी से शुरू कोलकाता फिल्म फेस्टिवल, 131 फिल्में होंगी प्रदर्शित

Buland Dustak