19.1 C
New Delhi
October 30, 2026
खेल जगत

मप्र के स्टॉर खिलाड़ियों ने रचा इतिहास, देश को दिलाए दो स्वर्ण पदक

-ISSF विश्व कप शूटिंग प्रतियोगिता में देश को दिलाए दो स्वर्ण पदक

भोपाल: मध्यप्रदेश के खेल जगत में बुधवार को उस वक्त खुशी की लहर छा गई जब मप्र राज्य शूटिंग अकादमी के स्टॉर खिलाड़ी ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और चिंकी यादव ने आईएसएसएफ विश्व कप शूटिंग प्रतियोगिता में सोने पर निशाना साधा और दो स्वर्ण पदक देश को दिलाए। मप्र के निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने 50 मीटर रायफल थ्री पोजिशन और चिंकी यादव ने 25 मीटर पिस्टल इवेन्ट में शानदार प्रदर्शन किया और देश-विदेश के नामचीन निशानेबाज खिलाडिय़ों को पीछे छोड़ते हुए स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा।

केन्द्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू और मप्र की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने दिल्ली स्थित डॉ. कर्णीसिंह शूटिंग रेंज में आयोजित आईएसएसएफ विश्व कप शूटिंग प्रतियोगिता में उपस्थित होकर खिलाडिय़ों का प्रदर्शन देखा।

ऐसे लगाया सोने पर निशाना: दिल्ली में आयोजित आईएसएसएफ विश्व कप शूटिंग प्रतियोगिता में चिंकी यादव ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए महिला वर्ग की व्यक्तिगत 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में कुल 32 अंक अर्जित कर देश को स्वर्ण पदक दिलाया। भारत की राही सरनोबत दूसरे और मनु भाकर तीसरे स्थान पर रहीं। इसी तरह पुरूष वर्ग की 50 मीटर रायफल थ्री पोजिशन स्पर्धा में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने 462.5 का स्कोर करते हुए देश को स्वर्ण पदक दिलाया। हंगरी के खिलाड़ी 461.6 अंकों के साथ दूसरे और डेनमार्क के खिलाड़ी 450.9 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

शूटिंग प्रतियोगिता
शूटिंग प्रतियोगिता

खिलाडिय़ों पर हमें गर्व:

प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि शूटिंग अकादमी के स्टॉर खिलाड़ी ऐश्वर्य प्रताप और चिंकी यादव ने विश्वकप में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने दोनों खिलाडिय़ों के प्रतिभा प्रदर्शन की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि टोक्यो ओलम्पिक के लिए निशानेबाजी में भारत को कोटा दिलाने वाले दोनों खिलाडिय़ों ने यह साबित कर दिखाया है कि वे निशानेबाजी में किसी से कम नहीं है। विश्वकप में अपने खिलाडिय़ों को शानदार प्रदर्शन करते देखकर मुझे अत्यंत खुशी हुई और इस एतिहासिक पल की साक्षी बनने का मुझे अवसर मिला। खेल मंत्री ने ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और चिंकी यादव तथा सभी प्रशिक्षकों को इस एतिहासिक सफलता के लिए बधाई दी।

ओलम्पिक में पदक जीतने की संभावना में बढ़ोतरी:

प्रदेश के खेल और युवा कल्याण संचालक पवन जैन ने कहा कि मध्य प्रदेश के लिए यह स्वर्णिम अवसर है जब हमारे दो खिलाडिय़ों चिंकी यादव और ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने विश्वकप में दो स्वर्ण पदक देश को दिलाकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। इस जीत से ओलम्पिक में मध्य प्रदेश को पदक जीतने की संभावना में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया जी द्वारा खेलों के क्षेत्र में ली जा रही विशेष रूचि और उनके सक्रिय प्रयासों के परिणाम स्वरूप हमारे खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का तिरंगा फहरा रहे हैं।

खेल विभाग में खुशी की लहर: ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और चिंकी यादव द्वारा विश्वकप में एतिहासिक प्रदर्शन करने और स्वर्ण पदक जीतने पर खेल और युवा कल्याण विभाग में खुशी की लहर छा गई। इस खुशी में विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों, खेल प्रशिक्षकों और खिलाडिय़ों के बीच मिठाई का वितरण कर यह खुशी एक-दूसरे से साझा की गई।

खेल मंत्री के प्रोत्साहन से मिला यह मुकाम: ऐश्वर्य:

खरगौन जिले के झिरनिया तहसील के छोटे से गांव रतनपुर में 3 फरवरी 2001 को किसान परिवार में जन्मे ऐश्वर्य प्रताप सिंह वर्ष 2015 से मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी में प्रशिक्षणरत है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अब तक तीन स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक देश को दिलाए हैं।

राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में ऐश्वर्य प्रताप ने 11 स्वर्ण, 4 रजत और 3 कांस्य पदक अर्जित किए हैं। उन्होंने जूनियर वल्र्ड कप में 50 मीटर रायफल थ्री पोजिशन में 459.3 अंक हासिल कर नया विश्व रिकार्ड बनाया और देश को स्वर्ण पदक दिलाया था।

ऐश्वर्य अपनी उपलब्धि का पूरा श्रेय प्रदेश की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया को देते हैं, जिनके प्रयासों से शूटिंग खिलाडिय़ों को विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं और हाई परफारमेंस ट्रैनिंग मिल रही है और इसी का परिणाम है कि वे आज इस मुकाम पर पहुंचे हैं। ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर शूटिंग अकादमी की मुख्य प्रशिक्षक सुमा शिरूर, सुनीता लाखन, वैभव शर्मा एवं अपराजिता सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षणरत हैं।

चिंकी यादव की उपलब्धियां:

टीटी नगर स्टेडियम में कार्यरत इलेक्ट्रिशियन मेहताब सिंह की बेटी चिंकी यादव ने वर्ष 2013 में शूटिंग अकादमी में 25 मीटर पिस्टल इवेन्ट में अभ्यास प्रारंभ किया और इसी वर्ष पहला नेशनल गोल्ड मेडल टीम इवेन्ट में तथा व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक अर्जित किया। चिंकी यादव ने अब तक अंतरराष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में 4 स्वर्ण, 2 रजत और 4 कांस्य सहित कुल 10 पदक देश को दिलाए हैं। उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 6 स्वर्ण, 4 रजत और 7 कांस्य सहित कुल 17 पदक अर्जित किए है।

चिंकी यादव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अर्जित इस सफलता के लिए खेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि विश्व स्तरीय शूटिंग अकादमी के माध्यम से उन्हें उच्च स्तरीय खेल सुविधाएं और प्रशिक्षण मिल रहा है, यहीं वजह है कि उन्हें विश्वकप में सफलता मिली है। चिंकी यादव शूटिंग अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक जसपाल राणा, प्रशिक्षक ओशिन टवानी और जयवर्धन सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षणरत है।

यह भी पढ़ें: All England Badminton: पीवी सिंधु दूसरे दौर में, श्रीकांत-साइना बाहर

Related posts

ATP Rankings : शीर्ष दस से बाहर हुए ग्रैंड स्लैम चैंपियन रोजर फेडरर

Buland Dustak

Fit India Quiz के लिए 2 लाख स्कूली छात्रों का मुफ्त पंजीकरण

Buland Dustak

ऑस्ट्रेलिया के Jason Konrath ने प्रशिक्षकों और स्पोर्ट्स एक्सपर्ट को दिए टिप्स

Buland Dustak

मुंबई इंडियंस ने पांचवीं बार जीता आईपीएल खिताब, दिल्ली को हराया

Buland Dustak

Harleen Deol के कैच की हर तरफ चर्चा, खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने की तारीफ

Buland Dustak

IPL 2021: पृथ्वी शॉ से प्रभावित शिखर धवन बोले चैंपियन की तरह की है वापसी

Buland Dustak