अयोध्या: डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कौटिल्य प्रशासनिक भवन के सभाकक्ष में सोमवार को कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह की अध्यक्षता में परीक्षा समिति की आपात बैठक ऑफलाइन एवं ऑनलाइन सम्पन्न हुई।
बैठक में बीएड, एमएड पाठयक्रम सत्र 2020-21 का शिक्षण कार्य एनसीटीई के मानकानुसार 210 दिन पूर्ण होने के तारतम्य में प्रथम एवं द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं 26 अक्टूबर से कराये जाने का निर्णय एवं परीक्षा कार्यक्रम का अनुमोदन किया गया।

बीएड व एमएड (प्रथम वर्ष) पाठयक्रम सत्र 2020-21 का शिक्षण कार्य एनसीटीई के मानकानुसार 210 दिन पूर्ण होने के फलस्वरूप इनकी परीक्षाएं यथाशीघ्र सम्पन्न करा लिए जाने की सहमति बनी एवं छात्र हित के दृष्टिगत 26 अक्टूबर, 2021 से बीएड व एमएड (प्रथम एवं द्वितीय वर्ष) का परीक्षा कार्यक्रम घोषित किया गया है। यह भी सूच्य है कि नियामक संस्था एनसीटीई द्वारा वर्तमान में बीएड व एमएड पाठयक्रम की परीक्षाओं के सम्बन्ध में कोई भी दिशा-निर्देश निर्गत नहीं किया गया है।
Also Read: बालिकाओं के सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभा रही सुकन्या समृद्धि योजना
उपर्युक्तानुसार वर्तमान में कोविड महामारी की तीव्रता में कमी के दृष्टिगत कोविड प्रोटोकाल के तहत छात्र हित में 26 अक्टूबर से प्रारम्भ हो रही बीएड व एमएड (प्रथम एवं द्वितीय वर्ष) की परीक्षा कराये जाने का निर्णय एवं परीक्षा कार्यक्रम विचारार्थ एवं अनुमोदनार्थ परीक्षा समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
बैठक में उक्त के परिप्रेक्ष्य में पाठयक्रम सितम्बर माह में पूर्ण होने एवं वार्षिक व सेमेस्टर परीक्षा अध्यादेश 2020-21 में वर्णित व्यवस्था वार्षिक व सेमेस्टर परीक्षा अध्यादेश-2021 अवध विश्वविद्यालय परिसर एवं क्षेत्रांतर्गत संचालित पाठयक्रमों कला, विज्ञान, वाणिज्य विधि एवं कृषि विषयों के स्नातक व परास्नातक पाठयक्रमों पर प्रभावी होगी। अभियंत्रण एवं प्रबन्धन के स्नातक व परास्नातक पाठयक्रमों पर प्राविधिक शिक्षा विभाग द्वारा यथासमय निर्गत व्यवस्था प्रभावी होगी।