नई दिल्ली: देश में फैली कोरोना महामारी की दूसरी लहर में हर तरह की सरगर्मियां थम सी गई हैं। महामारी के फैलाव को रोकने के लिए राजधानी दिल्ली में पिछले देढ़ महीने से लॉकडाउन लगा हुआ है और लोग घरों में बंद पड़े हैं। ऐसे में जामिया मिलिया इस्लामिया में उम्मीद की नई किरण दिखाई पड़ी है। विश्वविद्यालय के MSc (बैंकिंग एंड फाइनेंसियल एनालिटिकल) कोर्स के सभी छात्रों को कैंपस प्लेसमेंट दिए जाने की खुशखबरी प्राप्त हुई है।
एक तरफ जहां कोरोना महामारी की वजह से बड़ी संख्या में लोगों को अपनी नौकरियों से हाथ धोना पड़ रहा है वहीं जामिया के छात्रों को सवा 6 लाख से 5 लाख रुपये सालाना इंटर्नशिप पैकेज का ऑफर कई कम्पनियों ने दिया है। जामिया मिलिया इस्लामिया के छात्रों को कैंपस प्लेसमेंट का मिला यह आफर दर्शाता है कि प्रतिभाओं की हमेशा कदर होती है। लॉकडाउन और कोरोना जैसी महामारी भी इनका रास्ता नहीं रोक सकती हैं।

जामिया के एमएससी (बैंकिंग एंड फाइनेंसियल एनालिटिकल) के प्रथम बैच की 100 प्रतिशत इंटर्नशिप प्लेसमेंट के साथ शुरूआत हो गई है। यह जामिया मिलिया इस्लामिया और उसके अर्थशास्त्र विभाग के लिए बहुत गर्व की बात है। खास बात यह है कि पाठ्यक्रम की गुणवत्ता सामग्री में कंपनियों की संरचनाओं के अनुरूप प्रदान करने के लिए बहुत कुछ है जो कि वर्तमान डिजिटल युग में समय की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए प्रसिद्ध विशेषज्ञों की एक टीम द्वारा डिजाइन किया गया है।
Also Read: बच्चों को मानसिक समस्या से उबारने के लिए होगी काउंसलिंग
फ्रोनेसिस पार्टनर्स और सिआंस एनालिटिकल कंपनियों ने लिए प्लेसमेंट
प्लेसमेंट ड्राइव के लिए दो प्रतिष्ठित कंपनियों फ्रोनेसिस पार्टनर्स और सिआंस एनालिटिकल ने साक्षात्कार आयोजित किए। इस अभियान में सभी 41 विद्यार्थियों ने भाग लिया। तीन छात्रों को 6.25 लाख रुपये प्रति वर्ष के पैकेज पर सियान एनालिटिक्स, गुड़गांव में चुना गया और तीन को फ्रोनेसिस पार्टनर्स, नोएडा में प्रति वर्ष 5 लाख रुपये की पेशकश की गई है। इसके अलावा कई और कंपनियां जैसे एक्स्सीडेन्स, बाईजूस और अन्य ने भी 2019-21 के इस बैच के प्लेसमेंट की पेशकश का इरादा व्यक्त किया है।
जामिया मिलिया इस्लामिया की कुलपति प्रो. नजमा अख्तर ने अर्थशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष और संकाय सदस्यों द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए चयनित छात्रों को बधाई दी है। एमएससी (बैंकिंग एंड फाइनेंसियल एनालिटिकल) का पाठ्यक्रम और पाठ्यक्रम संरचना विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट (www.jmi.ac.in) पर उपलब्ध हैं।