शिमला: हिमाचल प्रदेश में मंद पड़ा मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। राज्य के विभिन्न इलाकों में तेज बारिश हो रही है। सिरमौर, शिमला और मंडी जिलों में बुधवार को जहां भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है वहीं राजधानी शिमला में बीती रात से शुरू हुई बारिश का सिलसिला शुक्रवार दिन भर जारी रहा।
बारिश के कारण यहां का मौसम ठंडा हो गया। राज्य के मैदानी इलाकों में अन्य स्थानों पर भी बारिश हुई है। बारिश से जुड़ी घटनाओं में राज्य में छह लोगों की जान गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक बारिश सिरमौर के आरवीके में 165 मिमी दर्ज की गई है।

इसी तरह धर्मपुर में 99, सुंदरनगर में 96, पच्छाद में 90, पांवटा साहिब में 81, जतौन बैरेज में 71, कंडाघाट में 58, कसौली में 55, भराड़ी में 47, जोगेंद्रनगर में 43, बिजाई में 37, कुमारसेन में 36, मंडी में 35, रामपुर, सराहन, शिमला, कुफरी व नाहन में 30-30, सोलन में 28, तिंदर में 26, जुब्बड़हट्टी व गग्गल में 25-25, धर्मशाला व गोहर में 24-24, बंजार में 23, रेणुका में 22, डल्हौजी में 21, नारकंडा व कोटखाई में 19-19 मिमी बारिश हुई है।
हिमाचल में मानसून सीजन के दौरान 300 लोगों की जान जा चुकी है
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि आगामी 26 अगस्त तक राज्य में मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान अनेक स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं। उन्होंने कहा कि 21 व 22 अगस्त को मैदानी एवं मध्य पर्वतीय इलाकों में भारी बारिश व बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है, जिसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने भारी बारिश के मद्देनजर लोगों व पर्यटकों को नदी-नालों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।
इस बीच राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में बारिश से जुड़ी घटनाओं में छह लोगों की जान गई है। ऊना जिला में दो और किन्नौर में एक व्यक्ति की सड़क हादसों में मौत हुई। लाहौल-स्पीति में पानी के तेज बहाव में बहने, मंडी में भूस्खलन के कारण एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। हमीरपुर में सर्पदंश से एक व्यक्ति ने दम तोड़ा है।
Also Read: कानपुर मेट्रो का 88 प्रतिशत कार्य पूर्ण, ट्रायल रन 15 नवम्बर से
रिपोर्ट के अनुसार बारिश के कारण प्रदेश में 20 सड़कें बंद रहीं। हमीरपुर में सात, कांगड़ा में पांच, कुल्लू में तीन, मंडी में दो, शिमला, सिरमौर व सोलन में एक-एक सड़क बंद है। हमीरपुर में एक कच्चा मकान बारिश से गिर गया, जबकि हमीरपुर, चंबा व मंडी में एक-एक मकान को आंशिक नुकसान पहुंचा है। हमीरपुर में एक दुकान भी बारिश से क्षतिग्रस्त हुई है।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निदेशक सुदेश कुमार मोक्टा ने बताया कि मानसून सीजन के दौरान हिमाचल में अब तक 300 लोगों की जान जा चुकी है। बारिश से राज्य में चल एवं अचल संपत्ति को नुकसान हुआ है।