नई दिल्ली: देश में कोरोना की दूसरी भयावह लहर के शुरुआती दिनों में जितने संक्रमितों की संख्या सामने आ रही थी, 111 दिनों बाद राहत की बात है कि कोरोना संक्रमितों की संख्या गिरकर दोबारा वहीं पहुंच गयी है। मंगलवार को कोरोना के 34,703 नये मामले मिले हैं जो 05 अप्रैल के बाद सबसे न्यूनतम संख्या है। कोरोना की घटती रफ्तार और टीकाकरण के बढ़ते दायरे से देश का आत्मविश्वास लौटने लगा है।

अलग-अलग राज्यों की सरकारों के ताजा निर्णयों से यह साफ तौर पर पता चलता है। कई राज्यों ने गहन समीक्षा के बाद लॉकडाउन और कर्फ्यू जैसे उपायों को पूरी तरह से हटा दिया या आंशिक तौर पर उसे प्रभावी रखा है। कई राज्यों में बाजारों के साथ-साथ सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों को खोले जाने का आदेश जारी कर दिया गया है। हालांकि कोरोना संबंधी तमाम सतर्कताओं को हर राज्य ने जरूरी रखा है।
जानते हैं राज्यों में क्या है स्तिथि
दिल्ली: कोरोना की दूसरी लहर के दौरान भयावह स्थिति का सामना कर चुकी दिल्ली सामान्य होने की दिशा में है। राज्य में सोमवार से स्पोर्ट्स क्लब और स्टेडियम खोलने की इजाजत दे दी गयी है। हालांकि इनमें दर्शकों की अनुमति नहीं है। बार भी निर्धारित समय में 50 फीसदी क्षमता के साथ खोलने की अनुमति है। मार्केट, कॉम्प्लेक्स और मॉल सुबह 10 बजे से रात आठ बजे तक खोले जाने की मंजूरी है।
बिहारः मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के सभी सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों को खोलने का आदेश दिया है। राज्य के विश्वविद्यालय, महाविद्यालय, तकनीकी शिक्षा संस्थानों के साथ स्कूलों की कक्षा 11 और 12 आधी क्षमता के साथ खोले जाएंगे। रेस्टोरेंट और दुकानों में 50 फीसदी क्षमता के साथ ग्राहकों को खाद्य पदार्थ परोसे जाने की इजाजत दे दी गयी है।
कर्नाटकः राज्य के धार्मिक संस्थाओं को खोलने का आदेश दिया गया है। हालांकि श्रद्धालुओं को सिर्फ दर्शन की अनुमति दी गयी है। धार्मिक कर्मकांड आदि की इजाजत नहीं होगी। कोरोना की दूसरी लहर के दौरान बुरी तरह से प्रभावित हुए इस राज्य में अप्रैल के आखिरी सप्ताह से तमाम धार्मिक स्थानों पर तालाबंदी थी।
मध्य प्रदेश: राज्य में कोरोना कर्फ्यू भी पूरी तरह खत्म हो चुका है और तमाम शहरों के बाजार खुल रहे हैं।यहां तक कि रविवार का कर्फ्यू भी अब खत्म कर दिया गया है। सिनेमाघर, शिक्षण संस्थाओं में प्रवेश के लिए सरकार ने वैक्सीन की दोनों डोज की अनिवार्यता रखी है।
उत्तराखंडः राज्य सरकार ने हालांकि 13 जुलाई तक कर्फ्यू जारी रखने का आदेश दिया है लेकिन इस दौरान बड़ी रियायतें जो दी गयी थी, वे जारी रहेंगी। इनमें बाजारों को खोले जाने, 50% क्षमता के साथ मॉल आदि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को काम करने की इजाजत दी गयी थी। सप्ताहांत बाजारों को बंद रखने का पूर्व का आदेश प्रभावी रहेगी।
Also read: क्या शराब की लत कर देगा इम्यून सिस्टम को कमज़ोर?
रिकॉर्ड टीकाकरण:
देश के कई राज्यों में कोरोना की घटती रफ्तार के साथ टीकाकरण की बढ़ती संख्या काफी उत्साहजनक है। इनमें से हाल के दिनों में सबसे प्रमुख राज्यों में त्रिपुरा का नाम सामने आया है जहां कोरोना टीकाकरण नया कीर्तिमान बनाने की दिशा में है। राज्य के मुख्यमंत्री बिप्लव देव ने अपने आधिकारिक कू हैंडल पर राज्य में टीकाकरण को लेकर जो जानकारी साझा की है वह काफी अहम है।
उन्होंने बताया है कि, राज्य के विभिन्न जिलों की 73 ग्राम पंचायतों में वैक्सीनेशन पूरा हो चुका है। सौ फीसदी टीकाकरण वाली 73 ग्राम पंचायतों में 39 उत्तरी त्रिपुरा जिले, 09 सेपहिजाला जिले, 03 धलाई जिले, एक गोमती जिले और 21 दक्षिण त्रिपुरा जिले में स्थित हैं। इसके साथ ही उत्तरी त्रिपुरा जिले के दो शहरी स्थानीय निकायों धरनगर और पाणिसागर नगर निगमों में भी टीकाकरण सौ फीसदी पूरा हो चुका है।