लखनऊ: विश्व दिव्यांग दिवस पर योग्य दिव्यांजनों को राज्य सरकार 12 श्रेणियों में पुरस्कार देगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 15 जुलाई तक जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी के कार्यालय में अपने दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा करने होंगे। शुक्रवार को यह जानकारी दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के निदेशक अनूप कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि 03 दिसम्बर को विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर विभिन्न श्रेणी के राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे। उन्होंने बताया कि पुरस्कारों हेतु 12 विभिन्न श्रेणियों की व्यवस्था की गयी है। बताया कि इस बार पुरस्कार की राशि 05 हजार से बढ़ाकर 25 हजार कर दी गई है।

विश्व दिव्यांग दिवस पर पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे
निदेशक ने बताया कि दक्ष दिव्यांग कर्मचारियों/स्वनियोजित दिव्यांगजन, सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता तथा सर्वश्रेष्ठ प्लेसमेन्ट अधिकारी या एजेंसी, सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति/सर्वश्रेष्ठ संस्था, प्रेरणास्रोत, सृजनशील दिव्यांग बालक/बालिका, दिव्यांग खिलाड़ियों, दिव्यांगजन हेतु बाधारहित वातावरण के सृजन हेतु सर्वश्रेष्ठ कार्य के लिए, दिव्यांगजन को पुनर्वास सेवाएं प्रदान करने वाले सर्वश्रेष्ठ जिला इत्यादि श्रेणी के राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे।
Also Read: विश्व साइकिल दिवस: कोलकाता में साइकिल चलाकर दिया जागरूकता का संदेश
उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय पुरस्कार के सम्बंध में विस्तृत जानकारी विभाग की वेबसाइट अथवा हेल्पलाइन नं 1800 180 1995 से प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि इच्छुक व्यक्ति द्वारा राज्य स्तरीय पुरस्कार हेतु आवेदन सभी प्रपत्रों के साथ जनपद स्तर पर 15 जुलाई तक जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा किये जायेंगे।
उन्होंने बताया कि किसी कारण विलम्ब होने पर जिलाधिकारी की संस्तुति से अन्तिम तिथि 10 अगस्त तक निदेशालय, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, कक्ष संख्या-1010, दशम् तल, इन्दिरा भवन, अशोक मार्ग, हजरतगंज, लखनऊ में उपलब्ध कराये जा सकते हैं।