19.1 C
New Delhi
October 30, 2026
उत्तर प्रदेश

कोरोना संक्रमित कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान का निधन

लखनऊ: प्रदेश सरकार के सैनिक कल्याण, होमगार्ड्स, प्रान्तीय रक्षक दल व नागरिक सुरक्षा मंत्री चेतन चौहान का रविवार को गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह बीते दिनों कोरोना संक्रमित पाये गये थे। वह योगी सरकार के दूसरे मंत्री हैं, जिनकी कोरोना संक्रमण के बाद मौत हुई है। इससे पहले इसी महीने प्रदेश की प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरुण का भी कोरोना संक्रमण के बाद निधन हो गया था।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर व प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान की कोरोना संक्रमित होने के बाद हालात बेहद गम्भीर हो गई थी। उनका इलाज राजधानी में संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में चल रहा था।

चेतन चौहान का निधन

इससे पहले कि वह कोरोना से ठीक होते उन्‍हें किडनी और ब्‍लड प्रेशर की समस्‍याएं शुरू हो गईं। इसके बाद उन्‍हें वेंटिलेटर पर रखना पड़ा। हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें एसजीपीजीआई से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया गया है, जहां पर उनको लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया है। इलाज के बावजूद उनकी सेहत और बिगड़ती चली गई और आखिरकार आज उनकी मौत हो गई।

एसजीपीजीआई लखनऊ में थे भर्ती

उल्लेखनीय है कि चेतन चौहान को बीती 11 जुलाई को कोरोना संक्रमण के कारण एसजीपीजीआई, लखनऊ में भर्ती कराया गया था। 72 वर्षीय चेतन क्रिकेट से सन्यास लेकर राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। वह अमरोहा से दो बार लोकसभा सदस्य भी रह चुके हैं और वर्तमान में वह अमरोहा की नौगांवा विधानसभा के विधायक थे। इससे पहले प्रदेश सरकार में प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरुण की बीती 02 अगस्त को कोरोना संक्रमण से मौत हो गई थी।

अब तक प्रदेश सरकार के कई मंत्री कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। प्रदेश के विधायी, न्याय एवं ग्रामीण अभियन्त्रण सेवा मंत्री ब्रजेश पाठक को भी बीते दिनों सांस लेने में तकलीफ होने पर एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया है।

इसके अलावा जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। उनको भी एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया है। कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप उर्फ मोती सिंह, स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, श्रम निर्माण एवं परामर्शदात्री समिति के अध्यक्ष ठाकुर रघुराज सिंह, आयुष मंत्री धर्म सिंह सैनी, युवा कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेन्द्र तिवारी  संक्रमित हो चुके हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की भी रिपोर्ट पिछले दिनों पॉजिटिव आई थी। इनमें कई कोरोना को मात देकर स्वस्थ हो चुके हैं।

Related posts

मुख्यमंत्री योगी ने मनरेगा योजना कर्मियों को दिया बड़ा तोहफा

Buland Dustak

कानपुर सेंट्रल स्टेशन से जाली पत्रों के साथ 16 फर्जी TTE​ गिरफ्तार

Buland Dustak

गोरखपुर: वनटांगिया रूपी ”अहिल्या” के ”राम” हैं योगी आदित्यनाथ

Buland Dustak

State Karate Championship : पांच स्वर्ण के साथ लखनऊ रहा अव्वल

Buland Dustak

यूपी में बन रहा वैक्सीनेशन का रिकॉर्ड, राजस्थान, पंजाब व छत्तीसगढ़ पीछे

Buland Dustak

यूपी: Manufacturing Sector में मिले 13408.19 करोड़ का निवेश

Buland Dustak