19.1 C
New Delhi
October 30, 2026
देश

LOC पर बड़े ऑपरेशन की तैयारी, जनरल नरवणे ने सेना को हाई अलर्ट पर रखा

- सेना प्रमुख ने LOC पर पुंछ और राजौरी के अग्रिम इलाकों का दौरा किया
- छिपे आतंकियों के विरुद्ध ऑपरेशन जल्द पूरा करने को पैरा कमांडो भेजे गए

नई दिल्ली: कश्मीर घाटी में 11 गैर प्रांतीय नागरिकों की हत्या और आतंकरोधी अभियान में सेना के नौ जवानों के शहीद होने के बाद थल सेनाध्यक्ष जनरल मनोज मुकुंद नरवणे दो दिवसीय दौरे पर जम्मू पहुंचे हैं। उन्होंने मंगलवार को LOC पर पुंछ और राजौरी के अग्रिम इलाकों का दौरा किया और सेना की ऑपरेशनल तैयारियों का जायजा लिया।

उन्होंने सेना के कमांडरों को शॉर्ट नोटिस पर ऑपरेशन के लिए तैयार रहने को कहा। जंगलों में छिपे आतंकियों के विरुद्ध जारी ऑपरेशन को जल्द पूरा करने के लिए अतिरिक्त पैरा कमांडो और सैन्य कर्मियों को भेजा गया है।

जनरल नरवणे

सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने नियंत्रण रेखा के अग्रिम क्षेत्रों का दौरा करके खुद स्थिति का प्रत्यक्ष आकलन किया। यहां सुरक्षा बल एक सप्ताह से आतंकवादियों के एक समूह को ट्रैक करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसमें अब तक नौ सैनिक शहीद हो चुके हैं।

सेना प्रमुख को कमांडरों ने वर्तमान स्थिति और चल रहे घुसपैठ विरोधी अभियानों के बारे में जानकारी दी। व्हाइट नाइट कॉर्प्स के जनरल कमांडिंग ऑफिसर ने जनरल नरवणे को सुरक्षा स्थिति और परिचालन तैयारियों पर अपडेट दिया। उन्होंने अग्रिम इलाकों का दौरा करने के बाद जमीन पर मौजूद सैनिकों और कमांडरों से बातचीत भी की।

जनरल नरवणे आतंकियों के खिलाफ लेंगे बड़ा एक्शन

सुरक्षा समीक्षा के हिस्से के रूप में जनरल नरवणे राजौरी-पुंछ मार्ग पर भीम्बर गली भी गए। वहां 14 अक्टूबर को आतंकवादियों के साथ गोलीबारी में चार सैनिक शहीद हो गए थे। दोनों पक्षों के बीच पहली मुठभेड़ 11 अक्टूबर को पुंछ जिले के देहरा की गली इलाके में हुई थी, जिसमें एक जेसीओ सहित पांच सैन्यकर्मी शहीद हुए थे।

अभी तक यह साफ नहीं है कि इन दोनों वारदात में आतंकियों का एक ही समूह शामिल था या दोनों अलग-अलग ग्रुप थे। फिलहाल जम्मू-कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा मिलने के बाद से यह सबसे बड़ा ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस और सेना ने मिलकर इलाके की पूरी तरह घेराबंदी कर रखी है ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि आतंकवादी भाग न पाएं।

Also Read: हिन्द महासागर में उभरती चुनौतियों से निपटेंगी भारत-अमेरिकी नौसेनाएं

सूत्रों का कहना है कि नियंत्रण रेखा पर अग्रिम इलाकों का दौरा करने के बाद जनरल नरवणे आतंकियों पर कार्रवाई करने को लेकर कोई बड़ा एक्शन लेने का आदेश दे सकते हैं। वह कश्मीर घाटी में गैर प्रांतीय लोगों की हो रही हत्याओं को लेकर भी पुलिस और अन्य एजेंसियों के अफसरों से बात करेंगे।

दौरे के पहले दिन उन्होंने सैन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा हालात की जानकारी ली। यहां उनके साथ व्हाइट नाइट कॉर्प्स के जीओसी, उत्तरी कमान के जीओसी समेत अन्य अफसर मौजूद थे। इसके बाद वह नगरोटा सैन्य मुख्यालय पहुंचे। नरवणे ने सैन्य अधिकारियों से कहा है कि पुंछ में घेरे गए आतंकी किसी कीमत पर भागने नहीं चाहिए। इसीलिए पुंछ में अतिरिक्त पैरा कमांडो और सैन्य कर्मियों को भेजा गया है।

Related posts

कोकोपीट खाद की तकनीक अपनाएं गन्ना किसान, बदलेगी किस्मत

Buland Dustak

IRCTC ने रेल यात्रियों को दिया नए वर्ष का तोहफा

Buland Dustak

विश्व स्तरीय भव्यता के साथ मनेगा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, रहेगी कार्यक्रमों की धूम

Buland Dustak

ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों का हो सकेगा निर्यात

Buland Dustak

पाकिस्तान ने पहली बार कबूला- दाऊद इब्राहिम कराची में…

Buland Dustak

भारी बारिश से बिगड़े हालात, कई राज्यों में अलर्ट जारी

Buland Dustak