इंदौर: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि “पीएम आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन” प्राथमिक, माध्यमिक और उप स्वास्थ्य केंद्रों के स्वास्थ्य ढांचे और मौजूदा राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री चौहान ने यह बातें पीएम आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के शुभारंभ अवसर पर कही।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी से 64 हजार करोड़ रुपये के पीएम आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान इंदौर एयरपोर्ट से वर्चुअल रूप से लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुये।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद बीडी शर्मा, राजेश सोनकर, गौरव रणदिवे, प्रमोद टंडन, इंदौर संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा, आईजी हरिनारायणचारी मिश्र, कलेक्टर मनीष सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रतिभा पाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। इंदौर जिला चिकित्सालय से चिकित्सक भी वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण कार्यक्रम में सम्मिलित हुये।
पीएम आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन से स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार
मुख्यमंत्री चौहान ने इस अवसर पर कहा कि “पीएम आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन” से स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ ही जन-जन को सरल, सुलभ और सस्ती स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर चिकित्सा सुविधा की उपलब्धता सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए “पीएम आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन” शुरु करने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का हृदय से आभार।
Also Read: राज्य ताइक्वांडो प्रतियोगिता : 170 अंक के साथ लखनऊ ओवरआल अव्वल
लोकार्पण के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि नया भारत वह है जहां आभाव से बढ़कर हर आकांक्षा की आपूर्ति के लिये कार्य किया जाये। इसी दिशा में सम्पूर्ण देश के स्वास्थ्य ढांचे को एकरूपता प्रदान करने के लिये प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन शुरू किया जा रहा है।
इस मिशन के तहत सम्पूर्ण देश के हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर को उच्च स्तर बनाया जा सकेगा साथ ही समाज के सभी वर्ग के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जा सकेंगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में बढ़ रही सुविधाओं के साथ मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टॉफ की सीटों में भी बढ़ोत्तरी हो रही है। यह योजना ना केवल देश का हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतर बनायेगी बल्कि रोजगार के नये अवसरों का भी सृजन करेगी।